The Activist TV Power of The People

सरगुजा में विधि शिक्षा को बड़ी सौगात: LLB की 60 सीटों को BCI की मंजूरी, आगामी सत्र से प्रवेश शुरू कराने की मांग तेज

आगामी शैक्षणिक सत्र से प्रवेश शुरू कराने की मांग तेज, मनेंद्रगढ़ में भी लॉ कॉलेज जल्द शुरू करने का उठा मुद्दा

By Admin · 28 Nov 2026 · 76 views
सरगुजा में विधि शिक्षा को बड़ी सौगात: LLB की 60 सीटों को BCI की मंजूरी, आगामी सत्र से प्रवेश शुरू कराने की मांग तेज

एलएलबी की मंजूरी का श्रेय किन प्रयासों को? टीएस सिंहदेव और प्रवीण गुप्ता की भूमिका आई सामने

एक्टिविस्ट आदित्य गुप्ता 

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में विधि शिक्षा का सपना देख रहे विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा में एलएलबी (LLB) पाठ्यक्रम की 60 सीटों को बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) से स्वीकृति मिल गई है। इस मंजूरी के बाद अब विश्वविद्यालय में आगामी शैक्षणिक सत्र से विधि की पढ़ाई शुरू होने का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। वहीं, मनेंद्रगढ़ में प्रस्तावित लॉ कॉलेज को भी जल्द शुरू करने की मांग ने जोर पकड़ लिया है।

एलएलबी पाठ्यक्रम की स्वीकृति के बाद प्रवेश प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने को लेकर युवा कांग्रेस आरटीआई सेल के चेयरमैन हिमांशु जायसवाल एवं विश्वविद्यालय अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय के कुलपति से सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मांग रखी कि स्वीकृत 60 सीटों पर आगामी शैक्षणिक सत्र से ही प्रवेश प्रारंभ कराने के लिए आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं।

मुलाकात के दौरान पाठ्यक्रम संचालन, योग्य शिक्षकों की नियुक्ति और प्रवेश संबंधी औपचारिकताओं को जल्द पूरा करने का विषय प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि विश्वविद्यालय में एलएलबी की पढ़ाई शुरू होने से सरगुजा संभाग के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में विधि शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा और उन्हें पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

टीएस सिंहदेव और प्रवीण गुप्ता के प्रयासों को बताया अहम

एलएलबी पाठ्यक्रम को बीसीआई की स्वीकृति मिलने को क्षेत्र में विधि शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया। इस संबंध में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के प्रयासों को अहम बताते हुए छत्तीसगढ़ राज्य विधिक परिषद कार्यकारिणी के अध्यक्ष प्रवीण गुप्ता की भूमिका की भी सराहना की गई। बताया गया कि प्रवीण गुप्ता ने बार काउंसिल ऑफ इंडिया के समक्ष लगातार चर्चा और प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप विश्वविद्यालय को 60 सीटों की स्वीकृति प्राप्त हुई।

मनेंद्रगढ़ में लॉ कॉलेज शुरू करने की भी मांग

प्रतिनिधिमंडल ने मनेंद्रगढ़ में प्रस्तावित लॉ महाविद्यालय को भी जल्द प्रारंभ कराने की मांग उठाई। हिमांशु जायसवाल ने कहा कि सरगुजा विश्वविद्यालय में एलएलबी की पढ़ाई शुरू होना संभाग के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। इससे विधि शिक्षा की पहुंच बढ़ेगी और स्थानीय विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर शैक्षणिक सुविधा मिल सकेगी।

उन्होंने सरकार एवं विश्वविद्यालय प्रबंधन से मांग की कि स्वीकृत 60 सीटों पर आगामी सत्र से प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र पूरी की जाएं। साथ ही मनेंद्रगढ़ में लॉ कॉलेज शुरू करने की प्रक्रिया को भी गति दी जाए।

अब क्षेत्र के विद्यार्थियों की निगाहें विश्वविद्यालय प्रबंधन और शासन के अगले कदम पर टिकी हैं। बीसीआई की मंजूरी के बाद सबसे बड़ी चुनौती आगामी शैक्षणिक सत्र से नियमित कक्षाओं और प्रवेश प्रक्रिया को धरातल पर उतारने की होगी।

Admin
Author
Admin

Related News