सूरजपुर। प्रदेश के 207 शासकीय विद्यालयों को पीपीपी (OMT) मॉडल के तहत 30 वर्षों के लिए निजी संस्थानों को लीज पर देने के राज्य सरकार के प्रस्ताव का विरोध तेज हो गया है। इस निर्णय को शिक्षा और विद्यार्थियों के हितों के विरुद्ध बताते हुए छत्तीसगढ़िया पार्टी (CHP) के पदाधिकारियों ने एसडीएम के माध्यम से महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर इस नीति को तत्काल निरस्त करने की मांग की है।
पार्टी पदाधिकारियों ने ज्ञापन में कहा कि निजी संस्थानों को स्कूल सौंपने और उन्हें शुल्क निर्धारण का अधिकार देने से शिक्षा महंगी होगी। इसका सीधा असर गरीब, किसान और मजदूर परिवारों के बच्चों के भविष्य पर पड़ेगा। उन्होंने इसे निःशुल्क शिक्षा के मूल अधिकार और सरकारी शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने वाला कदम बताया। साथ ही, वर्तमान में कार्यरत शिक्षकों की सेवा और भविष्य पर भी संकट गहराने की आशंका जताई।
निजीकरण नहीं, व्यवस्था सुधार की मांग
छत्तीसगढ़िया पार्टी ने मांग की है कि सरकार निजीकरण के बजाय शासकीय स्कूलों की व्यवस्था को मजबूत और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए। पदाधिकारियों ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि जनहित की इस मांग को अनसुना कर प्रस्ताव वापस नहीं लिया गया, तो पार्टी विद्यार्थियों और आम जनता के साथ मिलकर प्रदेशव्यापी जनआंदोलन करने को बाध्य होगी।
ये रहे उपस्थित:
ज्ञापन सौंपने वालों में छत्तीसगढ़िया पार्टी के सूरजपुर जिला अध्यक्ष नेम कुमार देवांगन, जिला उपाध्यक्ष खेमचंद भारती, जिला महामंत्री विकास कुमार गुप्ता, सूरजपुर ब्लॉक अध्यक्ष शांति सिंह, छत्तीसगढ़िया विद्यार्थी संगठन (CHVS) के प्रमुख एस.एस. प्रभात साहू (सर) सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।



