राजीव लोचन पाठक
अम्बिकापुर | सड़क हादसों पर लगाम कसने और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए सरगुजा पुलिस ने सोमवार को सड़कों पर सख्ती दिखाई। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर चले विशेष चेकिंग अभियान में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले 63 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान नशे की हालत में गाड़ी चलाते पकड़े गए 4 चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत इस्तगासा तैयार कर प्रकरण कोर्ट में पेश किया गया है।
चौराहों पर घेराबंदी, हर नियम तोड़ने वाले पर नजर
अभियान के तहत कोतवाली, गांधीनगर, मणीपुर थाना और यातायात शाखा की संयुक्त टीमों ने प्रमुख चौराहों पर मोर्चा संभाला। पुलिस का मुख्य फोकस ड्रंक एंड ड्राइव (शराब पीकर वाहन चलाना), बाइक पर ट्रिपल राइडिंग और कानफोडू आवाज निकालने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर युक्त वाहनों पर रहा।
कहां कितने चालान कटे, जानिए पूरा हिसाब:
अभियान में सबसे ज्यादा कार्रवाई यातायात शाखा (35 केस) ने की और 14,900 रुपए समन शुल्क वसूला, जिसमें बिना सीट बेल्ट के 14, ड्राइविंग के वक्त मोबाइल पर बात करने के 8, बिना हेलमेट के 5, ट्रिपल राइडिंग के 3, मालवाहक में सवारी ढोने के 2, दस्तावेज न होने के 2 और बिना वर्दी वाहन चलाने का 1 मामला शामिल है। वहीं कोतवाली थाना (10 केस) ने बिना हेलमेट के 3 चालकों से 1,500 रुपए और कागजात नहीं दिखाने वाले 3 चालकों से 1,800 रुपए समेत कुल 10 प्रकरणों में जुर्माना वसूला। इसके अलावा मणीपुर थाना (10 केस) द्वारा अधूरे दस्तावेज के 5, बिना सीट बेल्ट के 3 और बाइक पर तीन सवारी बैठाने के 2 मामलों में चालानी कार्रवाई की गई, जबकि गांधीनगर थाना (8 केस) ने दस्तावेज न होने के 4, बिना हेलमेट के 3 और बिना नंबर प्लेट गाड़ी चलाने के 1 मामले समेत कुल 3,700 रुपए समन शुल्क वसूला।
नियम तोड़े तो खैर नहीं, सुरक्षित सफर के लिए अपील
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा के मद्देनजर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। सरगुजा पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि अपनी और दूसरों की जान की सुरक्षा के लिए बाइक चलाते समय हेलमेट और कार में सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाएं। नशे की हालत में ड्राइविंग और ट्रिपल राइडिंग जैसी जानलेवा लापरवाही से बचें।



