अंबिकापुर (विशेष संवाददाता)।
जिला सरगुजा के थाना कमलेश्वरपुर अंतर्गत शासकीय भूमि के दस्तावेजों में हेराफेरी कर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा है। 70 वर्ष पुराने राजस्व रिकॉर्ड में कूट रचना कर शासकीय वन भूमि को निजी दर्शाने के मामले में पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सूरजपुर निवासी मुख्य आरोपी आजाद इराकी को धर दबोचा है।
1954-55 के रिकॉर्ड में की गई थी कूट रचना
मामले का खुलासा प्रार्थी उमेशवर सिंह बाज की शिकायत पर हुआ। दर्ज शिकायत के अनुसार, वर्ष 1954-55 के अधिकार अभिलेख (मिसल बंदोबस्त) में खसरा नंबर 1378 की प्रविष्टि में फर्जी तरीके से छेड़छाड़ कर कूट रचित दस्तावेज तैयार किए गए थे। राजस्व जांच में पाया गया कि यह खसरा नंबर वर्ष 1995-96 के बंदोबस्त में भी 'छोटे झाड़ के जंगल' मद में दर्ज शासकीय भूमि है। भू-माफियाओं ने षड्यंत्र रचकर इस सरकारी भूमि को निजी मिल्कियत के रूप में दर्शाने का प्रयास किया था।
साइबर सेल की मदद से पकड़ाया आरोपी
कमलेश्वरपुर पुलिस ने मामले में धारा 420, 467, 468, 471, 120 (बी) और 34 भा.द.वि. के तहत अपराध पंजीबद्ध किया था। पूर्व में आरोपी तुलेश्वर गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि दूसरा प्रमुख आरोपी आजाद इराकी (43 वर्ष, निवासी मस्जिदपारा, जयनगर, जिला सूरजपुर) फरार चल रहा था। साइबर सेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मी नारायण साव एवं साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा के नेतृत्व में गठित टीम मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि सरकारी जमीन पर फर्जीवाड़े के इस रैकेट में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।



