खरोरा के बंगोली के पास दो कारों की जोरदार टक्कर, सांसद के दाहिने हाथ में फ्रैक्चर की आशंका; चालक भी घायल
बलौदाबाजार/रायपुर। छत्तीसगढ़ में देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा घायल हो गईं। खरोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बंगोली के पास उनकी कार की सामने से आ रही दूसरी कार से जोरदार आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में सांसद के दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई है। फ्रैक्चर होने की जानकारी भी सामने आ रही है। उन्हें तत्काल उपचार के लिए रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, सांसद लक्ष्मी वर्मा खरोरा से रायपुर की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान बंगोली के पास सामने से आ रही एक अन्य कार से उनके वाहन की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा और सांसद सहित वाहन में सवार अन्य लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद सांसद को तत्काल बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर किया गया। उनके दाहिने हाथ में गंभीर चोट और फ्रैक्चर की आशंका जताई जा रही है। चिकित्सकों द्वारा उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
चालक के पैर में फ्रैक्चर, पीए सुरक्षित
दुर्घटना के समय सांसद के साथ उनके निजी सहायक (पीए) राघवेंद्र साहू और चालक भी वाहन में मौजूद थे। राहत की बात यह है कि निजी सहायक सुरक्षित बताए जा रहे हैं। वहीं, वाहन चालक के पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल दुर्घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी और घायलों की स्वास्थ्य स्थिति का इंतजार है। इस हादसे के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में चिंता का माहौल है।



