अंबिकापुर। त्योहारों की खुशियां केवल अपने परिवार तक सीमित न रहें, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में भी संवेदना और सम्मान का उजाला पहुंचे, इसी भावना को चरितार्थ करते हुए अंबिकापुर की समाजसेवी संस्था 'अनोखी सोच' ने मानवता की अनूठी मिसाल पेश की। छठ महापर्व के उल्लास और व्यस्तता के बीच संस्था के सदस्यों ने एक बेसहारा बुजुर्ग महिला के निधन पर आगे आकर उनका पूरे सम्मान और विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार कराया।
दरअसल, अंबिकापुर स्थित नारी निकेतन में निवासरत 62 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला सुकरो का 15 नवंबर 2026 को जिला अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया था। महिला लंबे समय से बीमार थीं और उनका नियमित उपचार कराया जा रहा था। मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह अपने घर और परिजनों के संबंध में कोई जानकारी नहीं दे सकी थीं। ऐसे में उनके परिवार या किसी वारिस का पता नहीं चल पाया।
वर्ष 2021 में उज्ज्वल गृह कोरिया से अंबिकापुर नारी निकेतन लाई गई थीं सुकरो
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 में सुकरो को उज्ज्वल गृह कोरिया से अंबिकापुर स्थित नारी निकेतन लाया गया था। बेहतर उपचार की आवश्यकता को देखते हुए उन्हें सेंदरी, बिलासपुर भेजा गया। वर्ष 2024 में वापस अंबिकापुर लौटने के बाद से जिला अस्पताल में उनका नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार जारी था। लंबे समय तक बीमारी से जूझने के बाद 15 नवंबर को उन्होंने अंतिम सांस ली।
अधीक्षिका के अनुरोध पर संस्था ने संभाली अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी
महिला के निधन के बाद नारी निकेतन की अधीक्षिका ने भविष्य में परिजनों के सामने आने की संभावना को ध्यान में रखते हुए उनके अंतिम संस्कार को पूरे सम्मान के साथ संपन्न कराने के लिए 'अनोखी सोच' संस्था से सहयोग मांगा। छठ महापर्व का महत्वपूर्ण दिन होने के बावजूद संस्था के सदस्यों ने इसे मानवता के प्रति अपना दायित्व समझा और तत्काल आगे आए। संस्था की टीम ने बुजुर्ग महिला के कफन-दफन की पूरी जिम्मेदारी निभाते हुए उन्हें सम्मानजनक अंतिम विदाई दी।
सेवा ही सबसे बड़ा धर्म : सूर्यप्रकाश साहू
इस अवसर पर संस्था के सूर्यप्रकाश साहू ने कहा कि मानवता और इंसानियत से बड़ा कोई धर्म नहीं है। लावारिस और बेसहारा लोगों की सेवा ही उनके लिए सबसे बड़ा पर्व है। ईश्वर ने उन्हें इस नेक कार्य के लिए चुना है, यह उनके लिए सौभाग्य की बात है।
त्योहारों के बीच किया गया यह सेवा कार्य समाज को यह संदेश देता है कि किसी व्यक्ति की पहचान उसके परिवार या सामाजिक स्थिति से नहीं, बल्कि उसके मानवीय सम्मान से होती है। 'अनोखी सोच' संस्था के इस संवेदनशील और सराहनीय प्रयास की शहरभर में प्रशंसा हो रही है।



