अंबिकापुर। शहर के गांधी स्टेडियम और चौपाटी क्षेत्र से दोपहिया वाहन चुराने वाले एक शातिर आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग तीन लाख रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई से वाहन चोरी के पांच मामलों का खुलासा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, महुआपारा (गांधीनगर) निवासी आदित्य कुजूर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 12 नवंबर की सुबह वे अपनी होंडा ड्रीम युगा बाइक (CG 15 DK 2980) गांधी स्टेडियम के बाहर खड़ी कर अंदर गए थे, जहां से अज्ञात चोर ने वाहन पार कर दिया। कोतवाली पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी,कबूली पांच वारदातें
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर कोतवाली पुलिस टीम लगातार संदिग्धों की पतासाजी में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध विजय गुप्ता (50 वर्ष) को हिरासत में लिया। मूलतः बिहार के रोहतास जिले के डेहरी निवासी विजय वर्तमान में अंबिकापुर के केदारपुर में रह रहा था। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने गांधी स्टेडियम के बाहर से होंडा ड्रीम युगा चुराने के साथ-साथ चौपाटी व आसपास के क्षेत्रों से एक बजाज सीटी, एक स्प्लेंडर प्लस और दो होंडा ड्रीम शाइन समेत कुल पांच बाइक चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सभी वाहन बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।
कार्रवाई में इनकी रही सक्रिय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, एएसआई आलोक सोनी, प्रधान आरक्षक सूरज राय, सियाराम मरावी, सदरक लकड़ा तथा आरक्षक विवेक राय, नितिन सिन्हा और शिव राजवाड़े की सक्रिय भूमिका रही।



