अजबनगर के शासकीय स्कूल में बाल दिवस पर ‘जीवन प्रबंधन एवं राष्ट्र आराधना’ योग शिविर का आयोजन
अजबनगर। बाल दिवस के अवसर पर पतंजलि योग समिति के तत्वावधान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अजबनगर में ‘योग विज्ञान के माध्यम से जीवन प्रबंधन एवं राष्ट्र आराधना’ विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 15 नवंबर को दोपहर 2:00 बजे से 3:00 बजे तक चले इस सत्र में विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली और चरित्र निर्माण के सूत्र सिखाए गए।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं योग शिक्षक कमलेश योगी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए योग विज्ञान के व्यावहारिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में एकाग्रता और अनुशासन के लिए योग बेहद आवश्यक है। इस दौरान उन्होंने आयुर्वेद उपचार, संतुलित आहार और आदर्श दैनिक दिनचर्या अपनाने के लाभ विस्तार से समझाए, ताकि बच्चे शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बन सकें।
इस आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती विनयांजलि केरकेट्टा का विशेष मार्गदर्शन रहा। कार्यक्रम में शिक्षकगण लक्ष्मी नारायण तिवारी, विनय ठाकुर, पोषक बेहरा, गामिनी, श्वेता शर्मा सहित समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा योग शिक्षक कमलेश योगी का आभार व्यक्त किया गया।



