The Activist TV Power of The People

कांच ही बांस के बहंगिया... छठ गीतों से गूंजा अंबिकापुर, डूबते सूर्य को अर्घ्य देने घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

शंकर घाट से घुनघुट्टा नदी तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़, नंगे पैर सिर पर दउरा लेकर पहुंचे व्रती; गंगा आरती और आकर्षक सजावट ने मोहा मन

By Admin · 16 Nov 2026 · 100 views
कांच ही बांस के बहंगिया... छठ गीतों से गूंजा अंबिकापुर, डूबते सूर्य को अर्घ्य देने घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब

अंबिकापुर, 15 नवंबर 2026। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ रविवार को अंबिकापुर सहित पूरे सरगुजा संभाग में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। शाम होते ही शहर के विभिन्न छठ घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। पारंपरिक छठ गीतों से घाट और आसपास के इलाके गूंजते रहे। व्रतियों ने नदी, तालाब और जलाशयों में खड़े होकर अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि एवं संतान की दीर्घायु की कामना की।

छठ महापर्व को लेकर सुबह से ही शहर में उत्सव जैसा माहौल रहा, लेकिन दोपहर बाद सड़कों और गलियों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी। महिलाएं छठी मैया के पारंपरिक गीत गाते हुए घाटों की ओर रवाना हुईं, वहीं पुरुष अपने सिर पर सूप और दउरा रखकर नंगे पैर पूजा सामग्री लेकर पहुंचे। कई श्रद्धालु अपनी मन्नतों की पूर्ति के लिए घर से दंडवत देते हुए छठ घाट तक पहुंचे। शाम होते-होते सभी प्रमुख घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुट गई।

घाटों पर पहुंचने के बाद व्रतियों ने नदी और तालाबों में स्नान किया। इसके बाद जल में खड़े होकर प्रसाद से सजे सूप के माध्यम से डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। परिवार के सदस्यों ने लोटे में जल और दूध लेकर अर्घ्य देने की परंपरा निभाई। सूर्यास्त तक अर्घ्य अर्पित करने का सिलसिला चलता रहा। चारों ओर छठी मैया के जयकारों और भक्तिमय गीतों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

हर मोहल्ले में सजे छठ घाट, प्रमुख स्थलों पर उमड़ी भीड़

अंबिकापुर में छठ पर्व मनाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या हर वर्ष बढ़ रही है। इसे देखते हुए शहर के अलग-अलग मोहल्लों में छठ घाट तैयार किए गए थे। शहर के प्रमुख शंकर घाट, घुनघुट्टा नदी, शिवसागर तालाब सहित मौलवी बांध, मैरीन ड्राइव तालाब, सतीपारा तालाब, जेल तालाब, खैरबार नहरपारा, गोधनपुर तालाब और खर्रा स्थित घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।

शंकर घाट पर महामाया छठ पूजा सेवा समिति की ओर से व्रतियों की सुविधा के लिए टेंट, पंडाल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुचारु पूजा व्यवस्था के लिए समिति के सदस्यों ने विशेष तैयारी की थी।

इसी तरह शहर से लगे घुनघुट्टा नदी तट पर श्याम घुनघुट्टा छठ सेवा समिति द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे। यहां व्रतियों की सुविधा के लिए टोकन व्यवस्था लागू की गई थी, जिसके माध्यम से श्रद्धालुओं को अपने निर्धारित स्थान पर पूजा करने की सुविधा मिली। इस घाट पर अंबिकापुर शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।

घुनघुट्टा घाट पर उपलब्ध स्वच्छ जल और पर्याप्त जगह श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण रही। वहीं आयोजित गंगा आरती ने महापर्व की भव्यता और बढ़ा दी। आरती के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

मन्नत पूरी होने की आस्था में दंडवत देते हुए पहुंचे व्रती

छठ व्रत को अटूट आस्था, तपस्या और समर्पण का पर्व माना जाता है। मान्यता है कि छठी मैया की आराधना से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और परिवार में सुख-समृद्धि आती है। इसी आस्था के साथ कई श्रद्धालु अपने घरों से दंडवत देते हुए घाटों तक पहुंचे। इस दौरान परिवार के सदस्य भी उनके साथ रहे और पूरे रास्ते छठी मैया के गीत गूंजते रहे।

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम, यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान

छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। विशेषकर शंकर घाट पर सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली। यहां यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए काली मंदिर के पास मोटरसाइकिलों की पार्किंग की व्यवस्था की गई थी। वहीं संजय पार्क बैरियर से तकिया मोड़ तक चारपहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सड़कों की साफ-सफाई से लेकर घाटों तक व्यवस्थाएं की गई थीं, ताकि व्रतियों को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के बीच छठ महापर्व का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा महापर्व का समापन

छठ महापर्व के तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया जाता है, जबकि चौथे और अंतिम दिन सुबह उगते सूर्य को उषा अर्घ्य देने के बाद व्रती व्रत का पारण करते हैं। इसी परंपरा के तहत सोमवार सुबह व्रती उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर चार दिवसीय महापर्व का समापन करेंगे।

 
Admin
Author
Admin

Related News