The Activist TV Power of The People

बिरसा जयंती पर सूरजपुर में आदिवासियों का ऐतिहासिक जनसैलाब, 15 सूत्रीय मांगों को लेकर भरी हुंकार

रंगमंच मैदान से निकली विशाल रैली, नवनिर्मित बिरसा मुंडा चौक पर बैगा ने की प्रकृति व पुरखा शक्ति की पूजा

By Admin · 16 Nov 2026 · 463 views
बिरसा जयंती पर सूरजपुर में आदिवासियों का ऐतिहासिक जनसैलाब, 15 सूत्रीय मांगों को लेकर भरी हुंकार

मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन; बीपीएस पोया बोले— शिक्षा, संगठन और संविधान से साकार होंगे बिरसा के सपने

सूरजपुर (संवाददाता)। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं आदिवासी अधिकार उलगुलान दिवस के अवसर पर रविवार को जिला मुख्यालय सूरजपुर में आदिवासी समाज का ऐतिहासिक जनसैलाब उमड़ा। सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग सूरजपुर एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में समाज प्रमुख, युवा, महिलाएं और छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इस दौरान जल-जंगल-जमीन की रक्षा और संवैधानिक अधिकारों के प्रति एकजुटता दिखाते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम 15 सूत्रीय मांगपत्र तहसीलदार को सौंपा गया।

पारंपरिक वेशभूषा में निकली विशाल रैली, गूंजे एकता के नारे

कार्यक्रम का शुभारंभ रंगमंच मैदान में भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन व श्रद्धांजलि अर्पण के साथ हुआ। इसके पश्चात पारंपरिक वेशभूषा में सजे समाजजनों की विशाल रैली नगर के प्रमुख मार्गों से निकली, जो 'जय आदिवासी' और 'धरती आबा अमर रहें' के नारों से गूंजती रही। रैली आदिवासी सरना स्थल के सामने नवनिर्मित भगवान बिरसा मुंडा चौक पहुंचकर सभा में तब्दील हुई। यहां पारंपरिक बैगा द्वारा प्रकृति एवं पुरखा शक्ति की विधिवत पूजा-अर्चना कर सरई खूंटा और सतरंगी ध्वज स्थापित किया गया। इस अवसर पर युवाओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प भी लिया।

बिरसा के संघर्ष के सवाल आज भी प्रासंगिक : बीपीएस पोया

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सोशल एक्टिविस्ट एवं युवा प्रभाग के जिला अध्यक्ष बीपीएस पोया ने कहा कि मात्र 25 वर्ष की आयु में बिरसा मुंडा ने शोषणकारी व्यवस्था के विरुद्ध ऐतिहासिक उलगुलान खड़ा किया था। उन्होंने कहा कि 125 वर्ष पूर्व के वे सवाल आज भी प्रासंगिक हैं, लेकिन आज लोकतांत्रिक व्यवस्था में अधिकारों की रक्षा के लिए संविधान, कानून, कलम, शिक्षा और संगठित जनआंदोलन को मजबूत करना होगा। उन्होंने आपसी मतभेद भुलाकर पारंपरिक सामुदायिक व्यवस्था और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का आह्वान किया।

चौक निर्माण से सांस्कृतिक पहचान को मिला नया आयाम

आदिवासी सरना स्थल के सामने नवनिर्मित बिरसा मुंडा चौक कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। ग्राम पंचायत नमदगिरी की सरपंच बिफल सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े, पार्षद राम सिंह व समाजजनों के सहयोग से निर्मित इस चौक को समाज की सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक बताया गया।

वक्ताओं ने शिक्षा और महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर

सभा को सर्व आदिवासी समाज कर्मचारी-अधिकारी संघ की अध्यक्ष अनारकली पैकरा, गोंडवाना गोंड महासभा के ब्लॉक अध्यक्ष शिव प्रसाद मरावी, उरांव समाज के जिला अध्यक्ष मोहर साय और युवा प्रभाग प्रतापपुर की लक्ष्मी बैगा ने संबोधित किया। वक्ताओं ने महिलाओं और युवाओं को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे आने और समाज के नेतृत्व में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।

इनकी रही प्रमुख उपस्थिति

कार्यक्रम में गौरीशंकर सिंह नेताम, शिव प्रताप सिंह आयाम, गुलाब सिंह नेताम, प्रमोद सिंह मरावी, जय करण सिंह टेकाम, लक्ष्मण सिंह आर्मो, अंजली आयाम, जीतन सोनहा, कृष्ण नारायण प्रताप चेरवा, वीरेंद्र सिंह सरूता, रीता सिंह, शिव कुमार पैकरा, शांति कुजूर (बीडीसी), अंजना सिंह, राधा श्याम, सरिता सिंह, रामकली लकड़ा, ललित उरांव, नहारो टोप्पो, उर्मिला भगत, अशोक खाखा, प्रकाश शांडिल, पवन सिंह पोया, मंजू पोर्ते, पारस उइके सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Admin
Author
Admin

Related News