महेश प्रजापति
प्रेमनगर (सूरजपुर)। जनपद पंचायत प्रेमनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत नवापारा कला में 15वें वित्त आयोग की राशि में कथित गड़बड़ी को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्राम पंचायत के सरपंच एवं सचिव के विरुद्ध 15वें वित्त योजना की राशि में कथित अनियमितता को लेकर पूर्व में कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक ठोस एवं निष्पक्ष जांच नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।
ग्रामीणों द्वारा 26 अक्टूबर 2026 को कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन क्रमांक 2250326002369 के माध्यम से शिकायत प्रस्तुत की गई थी। शिकायत में पंचायत की 15वें वित्त योजना की राशि में कथित गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक ऐसी कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है, जिससे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सके।
इसी संबंध में 17 नवंबर 2026 को दशा राम सोंडिल एवं समस्त ग्रामवासियों की ओर से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), रामानुजनगर को पुनः लिखित आवेदन सौंपा गया है। आवेदन में मांग की गई है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच आवेदकों एवं ग्रामवासियों की उपस्थिति में कराई जाए, ताकि पंचायत में हुए कार्यों और खर्च की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
ग्रामीणों ने प्रशासन से स्पष्ट सवाल किया है कि आखिर शिकायत के बाद भी अब तक जांच क्यों नहीं हुई? क्या ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है? ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि पारदर्शी जांच और उचित कार्रवाई चाहिए।
आवेदन के माध्यम से प्रशासन को सात दिवस का समय देते हुए मांग की गई है कि निर्धारित अवधि के भीतर ग्रामीणों के समक्ष निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि सात दिनों के भीतर जांच नहीं होती है, तो समस्त ग्रामवासी आगामी दिनों में धरना-प्रदर्शन एवं चक्काजाम करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
अब देखना यह होगा कि ग्रामीणों की इस मांग पर प्रशासन कब तक संज्ञान लेता है और नवापारा कला पंचायत में 15वें वित्त की राशि से जुड़े कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कब शुरू होती है।



