The Activist TV Power of The People

सरगुजा प्रीमियर लीग 2026: 'द पैलेस' में आज सजेगी खिलाड़ियों की बोली, 18 नवंबर से गांधी स्टेडियम में मचेगा क्रिकेट का महाघमासान

3.70 लाख रुपये की कुल इनामी राशि; विजेता को मिलेंगे 2 लाख, उपविजेता को 1 लाख रुपये

By Admin · 04 Nov 2026 · 1 views
सरगुजा प्रीमियर लीग 2026: 'द पैलेस' में आज सजेगी खिलाड़ियों की बोली, 18 नवंबर से गांधी स्टेडियम में मचेगा क्रिकेट का महाघमासान

मुख्य अतिथि के रूप में विन्ध्येश्वर शरण सिंह देव ('विंकी बाबा') और विशिष्ट अतिथि के रूप में युवा आयोग अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर रहेंगे मौजूद

विशेष संवाददाता

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में क्रिकेट प्रतिभाओं को बड़ा मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित होने जा रहे बहुप्रतीक्षित क्रिकेट टूर्नामेंट ‘सरगुजा प्रीमियर लीग 2026’ की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। टूर्नामेंट का भव्य ऑक्शन आज अंबिकापुर के सरगंवा स्थित द पैलेस रिसॉर्ट में आयोजित किया जा रहा है, जहां टीमों के ओनर, कप्तान और आइकॉन खिलाड़ियों की मौजूदगी में संभाग भर के खिलाड़ियों पर बोली लगाई जाएगी।

इस गरिमामय ऑक्शन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सरगुजा संभाग प्रभारी विन्ध्येश्वर शरण सिंह देव ('विंकी बाबा') टूर्नामेंट के संरक्षक आज ऑक्शन में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर शिरकत करेंगे।

गांधी स्टेडियम में 18 से 30 नवंबर तक मुकाबला

गांधी स्टेडियम, अंबिकापुर में आगामी 18 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक यह महामुकाबला खेला जाएगा। संभाग की प्रमुख टीमें खिताब जीतने के लिए मैदान में उतरेंगी। ऑक्शन आधारित इस प्रारूप से उदीयमान क्रिकेटरों को अपनी पहचान बनाने का सीधा अवसर मिलेगा। मैदान तक न पहुंच पाने वाले खेल प्रेमियों के लिए सभी मुकाबलों का प्रसारण 108 Live के जरिए किया जाएगा।

कुल ₹3.70 लाख की इनामी राशि टूर्नामेंट का मुख्य आकर्षण

₹3,70,000 की कुल इनामी राशि है:

  •   विजेता टीम: ₹2,00,000
  •   उपविजेता टीम: ₹1,00,000
  •   तृतीय स्थान: ₹40,000
  •   चतुर्थ स्थान: ₹20,000
  •   पांचवां स्थान: ₹10,000

शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन पर भी बरसेगा इनाम

टूर्नामेंट में टीम के साथ-साथ उत्कृष्ट व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए विशेष नकद पुरस्कार तय किए गए हैं:

  •  शतक: ₹2,100
  •  अर्धशतक: ₹1,100
  •  पारी में 5 विकेट: ₹2,100
  •  हैट्रिक विकेट: ₹1,100
  •  हैट्रिक छक्का: ₹1,100
  •  चौका लगाने पर: ₹500

इसके अतिरिक्त मैन ऑफ द सीरीज, मैन ऑफ द मैच, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर और सर्वश्रेष्ठ फील्डर के पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

खेल संस्कृति को नई दिशा देने की पहल

आयोजन समिति के अनुसार, इस प्रतियोगिता का मूल उद्देश्य क्षेत्रीय युवाओं में खेल भावना जगाना और जिले में पेशेवर खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है। प्रतियोगिता के सफल संचालन व व्यवस्था में प्रकाश शर्मा, प्रिंस ठाकुर, भीम सिंह, आकाश खलखो, बलचंद राजवाड़े, अजय शर्मा, अमन शर्मा, रजनीश सिंह, सतीश मिश्रा, विकाश सुब्बा, माणिक चंद, गोलू उड़े, सौरव जायसवाल, सूरज राय, फैज सिद्दीकी और आकाश यादव सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। आज ऑक्शन में तय होने वाले समीकरणों के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि मैदान में कौन-सी टीम सरगुजा चैंपियन का ताज अपने नाम करती है।

Admin
Author
Admin

Related News