देवठान तिहार पर पहांदी पारी कुपार लिंगो का गोंगो सुमिरन, नमंदगिरी में जय बूढ़ादेव चौक का निर्माण
संजू सिंह
नमंदगिरी, सूरजपुर। देवठान तिहार के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत नमंदगिरी में गोंडवाना के महान महामानव एवं गोंडी पुनेम के आदि गुरु पहांदी पारी कुपार लिंगो का श्रद्धा, आस्था एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गोंगो सुमिरन किया गया। इस अवसर पर जय बूढ़ादेव चौक का निर्माण कर समाज की सांस्कृतिक पहचान, पुरखों के सम्मान एवं परंपराओं के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।
कार्यक्रम में गोंडवाना भूमका पुजारी शिवभजन सिंह पोर्ते द्वारा विधिवत गोंगो सुमिरन कराया गया। उपस्थित समाजजनों ने प्रकृति, पुरखा शक्ति एवं गोंडवाना की गौरवशाली परंपराओं का स्मरण करते हुए सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
चौक निर्माण के पश्चात गोंड समाज भवन में सामाजिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में गोंड समाज की संस्कृति, सभ्यता, गोंडी भाषा, धर्म एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के संरक्षण और संवर्धन के साथ शिक्षा, सामाजिक जागरूकता तथा समाज की एकजुटता को मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर ए.पी. सांडिल, पूर्व उपायुक्त सरगुजा संभाग एवं संरक्षक, छत्तीसगढ़ गोंड कर्मचारी कल्याण परिषद ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के शिक्षित एवं जागरूक लोगों को अपनी गोंडी धर्म-संस्कृति, भाषा और परंपराओं के प्रचार-प्रसार के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने समाज के महान पुरखों के नाम पर चौक-चौराहों का नामकरण करने तथा अपनी सांस्कृतिक पहचान को अक्षुण्ण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
संगोष्ठी में डॉ. के.एस. परस्ते, प्रदेश अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ गोंड कर्मचारी कल्याण परिषद; दौलत सिंह पोर्ते, डॉ. आर.एस. सिंह, डॉ. दीपक मरकाम, जोरावर नेताम, मनमोहन सिंह उरेती, रिझन सिंह उरेती, करमचंद सिंह आयाम, चंद्र विजय आरमो, पीतांबर सिंह मरावी एवं षटकोण प्रताप सिंह सहित अनेक कर्मचारी-अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा सामाजिक कार्यकर्ता बीपीएस पोया, रीता सिंह, क्षमा सिंह, सुरेश सिंह, विधायक सिंह मरकाम एवं गुलाब सिंह नेताम सहित समाज के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।



