by NewsDesk01 on | Feb 7, 2024 01:30 PM
अंबिकापुर। संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में कलेक्टर परिसर स्थित नकल शाखा में दस्तावेजों के नकल निकलवाने लोग बार बार चक्कर लगाने मजबूर हो रहे हैं। कर्मचारियों के द्वारा नकल देने के नाम पर अवैध उगाही भी की जा रही है, इसके बाद भी एक से डेढ़ महीने तक लटकाया जा रहा है। मंगलवार को इसी प्रकार डेट देने के बाद भी नकल नहीं मिलने से परेशान एक व्यवसाई से कर्मचारियों पर जमकर अपनी भड़ास निकाली। अंबिकापुर निवासी व्यवसाई राजेश अग्रवाल ने बताया कि 17 जनवरी को उन्होंने मेंटेनेंस, खसरा के लिए निर्धारित शुल्क के साथ नकल शाखा में आवेदन दिया था, उस दौरान तीन, चार दिन बाद नकल मिलने की जानकारी दी गई थी। मगर नही मिला। दूसरी बार भी बैरंग लौटना पड़ा जिससे मजबूरी में उन्होंने कथित तौर पर एक कर्मचारी को 500 रुपए भी दिए थे। तीसरी बार 6 फरवरी को पहुंचे तो उन्हें फिर नकल नहीं दिया गया। नकल शाखा के कर्मचारी कहते हैं अभिलेख शाखा जाओ, वहां के कर्मचारी कहते हैं नकल शाखा जाओ। जिसकी वजह से उन्होंने आपा खोया। शोर शराबा से नकल शाखा के सामने हंगामें की भी स्थिति निर्मित हो गई। यह कोई पहला मामला नहीं है, नकल शाखा में कर्मचारियों की लापरवाही से आए दिन ऐसी स्थिति निर्मित होती है।