“सरगुजा में भ्रष्टाचार पर प्रहार: बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार” फाइल बढ़ाने के नाम पर रिश्वत, ACB ने किया खुलासा…!
आदित्य गुप्ता
अंबिकापुर | सरगुजा जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लिपिक (बाबू) को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी द्वारा पीड़ित से काम के एवज में 2 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी, जिसके बाद ACB ने ट्रैप बिछाकर उसे पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार, पीड़ित अपने शासकीय कार्य के निपटारे के लिए संबंधित कार्यालय पहुंचा था, जहां पदस्थ बाबू ने फाइल आगे बढ़ाने और काम करने के बदले मोटी रकम की मांग की। बार-बार दबाव बनाए जाने पर परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत ACB से की। ACB की प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप तैयार किया। तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी बाबू ने रिश्वत की रकम ली, मौके पर मौजूद ACB टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।
जांच और कार्रवाई जारी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। ACB की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में अन्य कोई कर्मचारी या अधिकारी शामिल तो नहीं है।
बढ़ती शिकायतें, सख्त संदेश
इस कार्रवाई को सरगुजा क्षेत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ा संदेश माना जा रहा है। लगातार मिल रही शिकायतों के बीच ACB की यह कार्रवाई सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
