सतेंद्र पाण्डेय
लखनपुर/सरगुजा (छत्तीसगढ़)। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन के सामाजिक विस्तार और जनसेवा गतिविधियों को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सामाजिक कार्यकर्ता सुरेन्द्र साहू को भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ का प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं सरगुजा संभाग प्रभारी नियुक्त किया है।
यह नियुक्ति भारतीय जनता पार्टी, छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री, प्रदेश महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी, भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक तथा सरगुजा भाजपा जिला अध्यक्ष की अनुशंसा पर की गई।
नियुक्ति के बाद सुरेन्द्र साहू ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक पवित्र उत्तरदायित्व भी है। उन्होंने कहा कि वे संगठन द्वारा व्यक्त विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करेंगे तथा भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ को समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सहयोग का प्रभावी माध्यम बनाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य संगठन के माध्यम से जनकल्याणकारी गतिविधियों को गति देना, समाज के वंचित वर्गों तक सेवा की भावना पहुँचाना तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने में सहयोग करना रहेगा।
सुरेन्द्र साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मूल मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” केवल एक नारा नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प है। इसी विचारधारा के अनुरूप वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और समाज सेवा के कार्यों को नई दिशा देने का हरसंभव प्रयास करेंगे।
उल्लेखनीय है कि सुरेन्द्र साहू लंबे समय से सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय हैं। वे पूर्व में बजरंग दल, सरगुजा विभाग के विभाग संयोजक के संगठन मंत्री, भाजपा के मंडल महामंत्री तथा एल्डरमैन जैसे दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय योगदान के कारण सामाजिक संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
नव नियुक्त संभाग प्रभारी ने बताया कि वे शीघ्र ही सरगुजा संभाग के सभी जिलों का प्रवास कर भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ की जिला एवं संभाग स्तरीय कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया प्रारंभ करेंगे, ताकि संगठन को जमीनी स्तर तक अधिक प्रभावी बनाया जा सके और सेवा कार्यों का विस्तार हो।
सुरेन्द्र साहू की नियुक्ति पर भाजपा के विभिन्न पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। संगठन के नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव, सामाजिक सक्रियता और संगठनात्मक क्षमता से भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ को नई ऊर्जा मिलेगी तथा समाज सेवा के क्षेत्र में संगठन की गतिविधियों का और विस्तार होगा।
