आदित्य गुप्ता
अंबिकापुर- छत्तीसगढ़ पुलिस के रक्षित केंद्र अंबिकापुर में आयोजित जनरल परेड की सलामी डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) ने ली। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों/कर्मचारियों के टर्नआउट का बारीकी से मूल्यांकन किया गया और बेहतर वेशभूषा व अनुशासन प्रदर्शित करने वाले जवानों को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया।
परेड में पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों की टोलियां बनाकर सुसंगठित मार्च कराया गया। मधुर धुन प्रस्तुत करने वाली सुसज्जित पुलिस बैंड टीम का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वाहन शाखा, शस्त्रागार और स्टोर का सघन निरीक्षण
जनरल परेड के पश्चात डीआईजी एवं एसएसपी ने वाहन शाखा का निरीक्षण कर सभी शासकीय वाहनों की स्थिति की बारीकी से जांच की। वाहनों के नियमित मेंटेनेंस, साफ-सफाई तथा ड्राइवर डायरी को अद्यतन रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
इसके बाद पुलिस लाइन स्थित शस्त्रागार एवं स्टोर शाखा का निरीक्षण कर आर्म्स एवं एम्युनेशन के सुरक्षित रख-रखाव तथा रिकॉर्ड के सुव्यवस्थित संधारण पर जोर दिया गया। अधिकारियों व जवानों की सुविधा हेतु संचालित पुलिस कल्याण कैंटीन एवं पुलिस बैंक का अधिकतम लाभ लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।
146 अधिकारी-कर्मचारी रहे उपस्थित
परेड के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल (भा.पु.से.), रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत सहित थाना/चौकी एवं कार्यालय से कुल 146 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
अनुशासन और तत्परता ही प्राथमिकता
जनरल परेड के माध्यम से पुलिस बल में अनुशासन, एकरूपता और जवाबदेही को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संसाधनों के बेहतर रख-रखाव और पेशेवर दक्षता से ही आमजन का विश्वास और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।