रतनपुर। छत्तीसगढ़ शासन के लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने गृहग्राम रतनपुर स्थित कार्यालय में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं, सड़क, पेयजल, बिजली सहित अन्य जनसमस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
मंत्री जायसवाल ने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए उनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
जनसंवाद कार्यक्रम में मंत्री जायसवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य आम जनता तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को समन्वय के साथ काम करना चाहिए।
उन्होंने प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने और जायज मांगों के निराकरण की दिशा में पहल करने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
जनसंवाद के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे मंत्री के समक्ष रखने का अवसर मिला। अब संबंधित विभागों की कार्रवाई और आवेदनों के निराकरण पर लोगों की नजर रहेगी।



