दुर्ग में टैक्स टेक समिट का भव्य आयोजन: टैक्स बार एसोसिएशन सरगुजा अध्यक्ष व भाजपा नेता अभिषेक शर्मा हुए शामिल, सरगुजा को मिली प्रदेश कार्यकारिणी में दोहरी कमान
आदित्य गुप्ता
दुर्ग/अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ टैक्स बार कौंसिल द्वारा दुर्ग टैक्स बार एसोसिएशन के तत्वाधान में दुर्ग में 'छत्तीसगढ़ टैक्स टेक समिट 2026' का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। इस राज्यस्तरीय तकनीकी व कर सम्मेलन में वित्त, विधि एवं न्याय जगत की शीर्ष हस्तियों ने हिस्सा लेकर कर प्रणाली के आधुनिक तकनीकी स्वरूप पर गहन विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी, विशिष्ट अतिथि विधि मंत्री गजेंद्र यादव, ट्रिब्यूनल के नेशनल हेड एवं रिटायर्ड जस्टिस संजय मिश्रा तथा टैक्स बार कौंसिल के प्रदेश अध्यक्ष विवेक सारस्वत विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सम्मेलन में टैक्स बार एसोसिएशन सरगुजा संभाग के अध्यक्ष एवं भाजपा छत्तीसगढ़ इकोनॉमिक सेल के प्रदेश सह-संयोजक अभिषेक शर्मा ने विशेष रूप से सहभागिता की। उन्होंने मंचासीन अतिथियों के साथ कर सुधारों, जीएसटी के तकनीकी पहलुओं और व्यापारिक सुगमता को लेकर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी एवं विधि मंत्री गजेंद्र यादव सहित मंचासीन अतिथियों ने कर प्रणाली में तकनीक के समावेश, पारदर्शिता और कर सलाहकारों की भूमिका पर सारगर्भित उद्बोधन दिया। वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक दौर में तकनीक के जरिए कर व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और सुगम बनाना समय की मुख्य मांग है।
सरगुजा को मिली प्रदेश कार्यकारिणी में दोहरी जिम्मेदारी
समिट के दौरान टैक्स बार एसोसिएशन सरगुजा के लिए गौरव का क्षण तब आया जब संगठन के वरिष्ठ सदस्य राम कृष्ण ओझा को प्रदेश प्रवक्ता तथा दिनेश कुमार शर्मा को प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। दोनों पदाधिकारियों के मनोनयन पर उपस्थित प्रतिनिधियों एवं टैक्स बार एसोसिएशन सरगुजा संभाग के अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।
आयोजन में वाणिज्यिक कर (जीएसटी) विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, टैक्स एडवोकेट्स और प्रदेशभर से आए बड़ी संख्या में प्रोफेशनल्स उपस्थित रहे, जिन्होंने परिचर्चा को समृद्ध बनाते हुए कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की।



