कमीशन के लालच में युवाओं के खाते किराए पर लेकर करते थे करोड़ों का खेल
संजय कुमार बंसल
अंबिकापुर। सरगुजा जिले में साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। गांधीनगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो युवाओं को कमीशन का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाकर ऑनलाइन ठगी की रकम का लेन-देन करते थे।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बनारस रोड स्थित एक मकान में अवैध रूप से बैंक खाते और एटीएम कार्ड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने दबिश दी, जहां से बड़ी मात्रा में बैंकिंग दस्तावेज और नकदी बरामद की गई।
बरामद सामग्री में 101 पासबुक, 35 एटीएम कार्ड, 28 चेकबुक, 3 मोबाइल फोन, 3 सिम कार्ड और ₹1.36 लाख नकद शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी युवाओं को पैसों का लालच देकर उनके नाम पर सिम और बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद पासबुक और एटीएम अपने पास रखकर इन खातों को साइबर अपराधियों को बेच देते थे। इन्हीं खातों के जरिए ठगी की रकम जमा, ट्रांसफर और निकासी की जाती थी।
गिरफ्तार आरोपियों में राहुल गुप्ता (20), विकास किर्तनिया (26) और आशुतोष शर्मा (20) शामिल हैं। पूछताछ में तीनों ने मिलकर गिरोह चलाने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
पुलिस की अपील: आम नागरिक किसी भी लालच में आकर अपने बैंक खाते, एटीएम या सिम कार्ड किसी अन्य व्यक्ति को न दें, अन्यथा वे भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।