राजेंद्र शर्मा
एमसीबी/चिरमिरी। चिरमिरी में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सट्टा गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर लिया है। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई, जिससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार चिरमिरी पुलिस लगातार अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ सख्त अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर शिव राम पनिका को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से क्षेत्र में सट्टे का नेटवर्क संचालित कर रहा था और कई लोगों को इस अवैध धंधे से जोड़ रखा था।
मोबाइल से खुले राज
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन जब्त किया। प्रारंभिक जांच में मोबाइल से सट्टे के लेन-देन, हिसाब-किताब और नेटवर्क से जुड़े अहम डिजिटल साक्ष्य मिले हैं। पुलिस का मानना है कि मोबाइल डेटा के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
थाना प्रभारी का बयान
विजय सिंह, थाना प्रभारी चिरमिरी ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार के अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई अभियान की शुरुआत है और आगे भी लगातार छापेमारी की जाएगी।
नेटवर्क विस्तार की जांच जारी
पुलिस फिलहाल जब्त मोबाइल के कॉल डिटेल्स और वित्तीय ट्रांजेक्शन की गहन जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि इस नेटवर्क के तार अन्य क्षेत्रों तक भी जुड़े हो सकते हैं। एमसीबी पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए क्षेत्र को सट्टामुक्त बनाने की मांग दोहराई