बोर्ड परीक्षाओं से पहले सख्ती: रात 10 बजे के बाद डीजे पर पूर्ण रोक
सरगुजा पुलिस की बैठक में डीजे संचालकों, होटल व मैरिज गार्डन प्रबंधकों को कड़े निर्देश
आदित्य गुप्ता
अंबिकापुर। आगामी बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। राजेश कुमार अग्रवाल (डीआईजी एवं एसएसपी, सरगुजा) के निर्देशन में जिले के समस्त डीजे संचालकों, मैरिज गार्डन एवं होटल मैनेजरों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक थाना कोतवाली अंबिकापुर में नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल (भा.पु.से.), एसडीएम फागेश सिन्हा एवं तहसीलदार उमेश्वर बाज के नेतृत्व में संपन्न हुई।
अनुमति और ध्वनि मानक अनिवार्य
बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी सामाजिक, धार्मिक आयोजन, रैली या जुलूस में डीजे संचालन से पूर्व विधिवत अनुमति लेना अनिवार्य होगा। ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज शासन द्वारा निर्धारित मानकों के भीतर रखी जाए। रात्रि 10 बजे के बाद डीजे संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। समय सीमा के उल्लंघन पर वैधानिक कार्रवाई करते हुए डीजे उपकरणों की जप्ती की चेतावनी दी गई।
रजिस्टर संधारण होगा अनिवार्य
सभी डीजे संचालकों को निर्देशित किया गया कि वे एक रजिस्टर संधारित करें, जिसमें अनुमति पत्र की प्रति कार्यक्रम आयोजक का पहचान पत्र ,संपर्क विवरण, आदि लिखित रूप में दर्ज रहेगा, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल संपर्क स्थापित किया जा सके।
होटल और मैरिज गार्डन प्रबंधन की जिम्मेदारी तय
होटल मैनेजर एवं मैरिज गार्डन संचालकों को स्पष्ट किया गया कि तय समय के बाद परिसर में डीजे संचालन न हो, इसकी जिम्मेदारी प्रबंधन की होगी। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित संचालक के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाले गीतों पर रोक
डीजे संचालन के दौरान किसी भी धर्म या संप्रदाय की भावनाओं को आहत करने वाले गीत/संगीत नहीं बजाए जाने के सख्त निर्देश दिए गए। सभी संचालकों ने नियमों के पालन की सहमति प्रदान की।
परीक्षा में शांति सर्वोपरि
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बोर्ड परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों को शांत वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। यातायात, ध्वनि और सार्वजनिक आयोजनों पर निगरानी रखी जाएगी, ताकि परीक्षा प्रक्रिया निर्बाध रूप से संचालित हो सके। बैठक में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा सहित जिले के सभी डीजे संचालक, मैरिज गार्डन व होटल मैनेजर उपस्थित रहे।
सरगुजा पुलिस ने चेताया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।