जांच के घेरे में खाद्य स्टॉल, फूड पॉइजनिंग की जांच शुरू
खाद्य सुरक्षा पर सवाल: तातापानी महोत्सव में फूड पॉइजनिंग से मचा हड़कंप
आदित्य गुप्ता
अंबिकापुर। तातापानी महोत्सव के दौरान खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। महोत्सव परिसर में एक स्टॉल से समोसा खाने के बाद सात लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। फूड पॉइजनिंग की शिकायत के बाद सभी पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी पीड़ित उदयपुर विकासखंड के नवापारा इलाके के निवासी हैं। ये लोग तातापानी महोत्सव देखने पहुंचे थे। महोत्सव स्थल पर लगे एक खाद्य स्टॉल से समोसा खरीदकर खाने के कुछ ही समय बाद पीड़ितों को उल्टी, दस्त और पेट में तेज दर्द की शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ने पर परिजनों और साथियों द्वारा उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में सभी मरीजों का इमरजेंसी इलाज किया गया। चिकित्सकों के अनुसार समय रहते उपचार मिलने से सभी की स्थिति फिलहाल स्थिर है और किसी की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है। एहतियात के तौर पर सभी को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और संबंधित खाद्य स्टॉल की जांच शुरू कर दी गई है। विभाग द्वारा यह पता लगाया जा रहा है कि समोसा किन सामग्रियों से तैयार किया गया था तथा कहीं उसमें खराब या दूषित सामग्री का उपयोग तो नहीं किया गया। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि महोत्सव में अन्य किसी व्यक्ति को भी इसी प्रकार की शिकायत तो नहीं हुई है।
स्थानीय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महोत्सव परिसर में लगे सभी खाद्य स्टॉलों की जांच के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।