खड़गवां क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था इन दिनों अव्यवस्थित होती जा रही है। खड़गवां मुख्य मार्ग पर संचालित केंद्रों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थिति लगाकर घूमते देखा जा सकता है और केंद्र सहायिकाओं के भरोसे संचालित हो रहे हैं, जिससे बच्चों और हितग्राहियों को मिलने वाली सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं।
जानकारी के अनुसार संबंधित आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता अक्सर केंद्र से नदारत रहती हैं और केंद्र का संचालन पूरी तरह सहायिका के भरोसे चलता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्यकर्ता केंद्र में कम और इधर-उधर घूमते हुए अधिक दिखाई देती हैं, जिससे केंद्र की नियमित
गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं।
आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को पोषण आहार, प्रारंभिक शिक्षा और गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी जानी चाहिए, लेकिन कार्यकर्ता की अनुपस्थिति के कारण इन योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को सही तरीके से नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित जांच कराई जाए और कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि केंद्रों का संचालन सुचारू रूप से हो सके और बच्चों व महिलाओं को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।