The Activist TV Power of The People
Archived

“जनसेवा के संस्कारों को समर्पित किया सम्मान: विंकी बाबा ने दाऊ उमेश्वर शरण सिंह देव को बताया अपनी प्रेरणा”

Archive ID #2058
“जनसेवा के संस्कारों को समर्पित किया सम्मान: विंकी बाबा ने दाऊ उमेश्वर शरण सिंह देव को बताया अपनी प्रेरणा”

साउथ एशिया जनसरोकार सम्मान 2026 एवं द एक्टिविस्ट नेशनल अवार्ड 2026 से सम्मानित होने के बाद सोशल मीडिया पर व्यक्त किया भावुक आभार।

आदित्य गुप्ता

अम्बिकापुर, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ की सरजमीं पर अपनी सादगी, सहज व्यवहार, जनसेवा और प्रकृति प्रेम के लिए विशेष पहचान रखने वाले सरगवा द पैलेस रिसोर्ट के संचालक एवं समाजसेवी श्री विंध्येश्वरशरण सिंहदेव (विंकी बाबा) को प्रतिष्ठित “साउथ एशिया जनसरोकार सम्मान 2026” एवं “द एक्टिविस्ट नेशनल अवार्ड 2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें समाजहित, जनसेवा, मानवीय संवेदनाओं तथा सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।

30 एवं 31 मई 2026 को माता राजमोहनी भवन, अंबिकापुर में आयोजित इस भव्य अंतरराष्ट्रीय समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से आए पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।

विंकी बाबा लंबे समय से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सक्रिय रहकर सेवा, सहयोग और सकारात्मक संवाद की मिसाल प्रस्तुत करते आ रहे हैं। उनके सरल स्वभाव, जनसरोकारों के प्रति समर्पण और प्रकृति संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता ने उन्हें सरगुजा अंचल के लोकप्रिय एवं सम्मानित व्यक्तित्वों में स्थापित किया है।

सम्मान प्राप्त करने के पश्चात विंध्येश्वरशरण सिंहदेव (विंकी बाबा) ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया माध्यमों से भावुक शब्दों में आभार व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि यह सम्मान उनके जीवन के सबसे गौरवपूर्ण और भावनात्मक क्षणों में से एक है। उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रबुद्ध पत्रकारों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के बीच यह सम्मान प्राप्त करना उनके लिए अत्यंत सम्मान और जिम्मेदारी का विषय है।

उन्होंने इस सम्मान को अपने पूजनीय दाऊ श्री उमेश्वर शरण सिंह देव जी के चरणों में समर्पित करते हुए लिखा कि आज समाज में यदि वे किसी के काम आ पा रहे हैं और लोगों का स्नेह प्राप्त कर रहे हैं, तो यह उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि दाऊ जी द्वारा दिए गए संस्कारों, शिक्षा और नैतिक मूल्यों का परिणाम है।

अपने संदेश में उन्होंने कहा कि उन्हें जनसेवा, समाजहित और जनसरोकारों के लिए खड़े रहने की प्रेरणा अपने दाऊ जी से मिली है। उन्होंने भावुक शब्दों में लिखा कि, “आज जो कुछ भी हूँ, केवल आपके आशीर्वाद और आपके दिखाए मार्ग की बदौलत हूँ। यह सम्मान आपका है, आपके दिए संस्कारों का है।”

उन्होंने देशभर से आए पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों का यह स्नेह और विश्वास उन्हें निरंतर समाज सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की शक्ति देता रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता, जनसरोकार, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक परिवर्तन जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा-परिचर्चा भी हुई। देश के दर्जनों राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने जन सरोकार और सामाजिक जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए आयोजन को ऐतिहासिक बताया।

“जन सरोकार” एवं “द एक्टिविस्ट” परिवार द्वारा आयोजित यह सम्मान समारोह उन व्यक्तित्वों को समर्पित था, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज में सकारात्मक बदलाव की नई मिसाल स्थापित की है। विंध्येश्वरशरण सिंहदेव (विंकी बाबा) का इस सम्मान के लिए चयन न केवल सरगुजा-अंबिकापुर बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।

द एक्टिविस्ट सोशल वेलफेयर रिसर्च एंड डेवलपमेंट फाउंडेशन एवं जन सरोकार परिवार ने विंकी बाबा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य तथा निरंतर जनसेवा की कामना की है। साथ ही संगठन ने समाजहित के प्रत्येक सकारात्मक प्रयास में उनके साथ कदम से कदम मिलाकर चलने का संकल्प भी व्यक्त किया है। समाजसेवा, संस्कार और जनसरोकार के प्रति समर्पित विंकी बाबा का यह सम्मान उन सभी लोगों के लिए प्रेरणा है, जो निस्वार्थ भाव से समाज के लिए कार्य कर रहे हैं।