The Activist TV Power of The People
Archived

ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क ध्वस्त: आईपीएल सट्टेबाजी का मुख्य सूत्रधार पुणे से गिरफ्तार..

Archive ID #1718
ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क ध्वस्त: आईपीएल सट्टेबाजी का मुख्य सूत्रधार पुणे से गिरफ्तार..

अवैध ऑनलाइन सट्टा पर सरगुजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई फरार मास्टरमाइंड दीप सिन्हा पुणे से गिरफ्तार, करोड़ों के लेन- देन का खुलासा

अंबिकापुर। अवैध ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ सरगुजा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे सट्टा रैकेट के मास्टरमाइंड आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा को पुलिस ने महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर क्रिकेट मैचों में ऑनलाइन सट्टा लगवाकर सुनियोजित तरीके से करोड़ों रुपये के अवैध लेन-देन का आरोप है। यह कार्रवाई राजेश कुमार अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा के निर्देशन में तथा राहुल बंसल, नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम द्वारा की गई। इस टीम में साइबर सेल और थाना कोतवाली पुलिस के अधिकारी शामिल थे। दिनांक 13 मई 2024 को थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा, अमित मिश्रा उर्फ पहलू और शुभम केशरी मिलकर आईपीएल टी-20 मैच के दौरान स्काईएक्सचेंज लिंक के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा खिलाने का कार्य कर रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छापा मारा, जहां तीनों आरोपी मोबाइल फोन के जरिए सट्टा संचालन करते पाए गए। जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से 19 मोबाइल फोन, 21 एटीएम कार्ड, 3 पासबुक, 2 चेकबुक, 20,100 रुपये नगद सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने करीब 300 फर्जी बैंक खातों का संचालन कर करोड़ों रुपये का ट्रांजेक्शन किया था। इन खातों के लिए अन्य लोगों के आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और बैंक दस्तावेजों का दुरुपयोग किया गया।

कानूनी कार्रवाई

प्रकरण में पहले से छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था। जांच के दौरान धोखाधड़ी, जालसाजी और आईटी एक्ट से संबंधित गंभीर अपराध पाए जाने पर भारतीय दंड संहिता की धारा 467, 468, 471, 120(बी) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(सी), 66(डी) जोड़ी गईं। मामले में पूर्व में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। लगातार फरार चल रहे मुख्य आरोपी दीप सिन्हा की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी, जिसने तकनीकी साक्ष्यों और साइबर ट्रैकिंग के आधार पर उसे पुणे से दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अपराध स्वीकार किए, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस टीम की भूमिका

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा सहित पुलिस बल के अन्य अधिकारी व कर्मचारी सक्रिय रहे।
सरगुजा पुलिस की यह कार्रवाई अवैध ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के खिलाफ एक कड़ा संदेश मानी जा रही है और आने वाले समय में ऐसे अपराधों पर और सख्त निगरानी व कार्रवाई की बात कही गई है।