अंबिकापुर में ‘एक शाम शहीदों के नाम’, गणतंत्र दिवस पर भव्य आयोजन की तैयारियाँ तेज
‘एक शाम शहीदों के नाम’ गणतंत्र दिवस पर सम्मान, संकल्प और संस्कृति का महासंगम
तिरंगा यात्रा से सम्मान समारोह तक, 26 जनवरी को अंबिकापुर बोलेगा जय हिंद..!
अंबिकापुर। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी 2026 को अंबिकापुर में आयोजित होने वाली भव्य तिरंगा यात्रा एवं सम्मान समारोह को सफल और ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से टीम ऑफ द एक्टिविस्ट द्वारा एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन से जुड़े पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और सहयोगियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य 26 जनवरी को निकाली जाने वाली तिरंगा यात्रा तथा दिनभर चलने वाले विभिन्न राष्ट्रभक्ति कार्यक्रमों की रूपरेखा, मार्ग निर्धारण, अनुशासन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा करना रहा। उपस्थित सदस्यों ने अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने, कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, गरिमामयी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया। बैठक में कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने सुझाव रखे और तिरंगा यात्रा, मंच संचालन, अतिथि सत्कार, सुरक्षा, मीडिया समन्वय एवं व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदारियां तय की गईं। अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने एकजुट होकर 26 जनवरी के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। बताया गया कि 77वां गणतंत्र दिवस के उपलक्ष में 26 जनवरी 2026 को “एक शाम शहीदों के नाम” थीम पर यह आयोजन किया जा रहा है, जो राष्ट्र के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को समर्पित होगा। यह भव्य कार्यक्रम टीम ऑफ द एक्टिविस्ट द्वारा संचालित मल्टीमीडिया न्यूज़ एजेंसी एवं प्रेस एंड मीडिया टीम के संयुक्त तत्वावधान में होटल फिल आनंदम, हरिमंगल जेल रोड, अंबिकापुर में आयोजित होगा। कार्यक्रम के अंतर्गत 50 फोर व्हीलर और सैकड़ों बाइकों के साथ विशाल तिरंगा यात्रा, शंखनाद के साथ शुभारंभ, दीप प्रज्ज्वलन, सामूहिक सरस्वती वंदना, राष्ट्रगीत एवं भारत माता की आरती, पदाधिकारी परिचय सम्मेलन, सैकड़ों पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण, राष्ट्र व समाजसेवा में समर्पित व्यक्तियों का सम्मान, सरगुजा संभाग के शहीद परिवारों का सम्मान, कवि एवं साहित्यकारों के राष्ट्रवादी उद्बोधन तथा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों ने जिले के सभी देशभक्त नागरिकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और परिवारों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय महापर्व में सहभागी बनें, शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करें और कार्यक्रम को गौरवशाली बनाएं।