The Activist TV Power of The People

सरगुजा में हाई अलर्ट: बैंक, एटीएम और ज्वेलर्स पर पुलिस की पैनी नजर

अपराध रोकथाम की दिशा में बड़ी पहल, सरगुजा पुलिस ने बढ़ाई वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा

By Admin · 27 Jul 2026 · 1 views
सरगुजा में हाई अलर्ट: बैंक, एटीएम और ज्वेलर्स पर पुलिस की पैनी नजर

अंबिकापुर, सरगुजा। जिले में वित्तीय संस्थानों और आभूषण दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस ने व्यापक अभियान चलाते हुए बैंक, एटीएम एवं ज्वेलर्स प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से कड़ी पूछताछ की गई तथा बैंक प्रबंधकों और प्रतिष्ठान संचालकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देश पर जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित राष्ट्रीयकृत एवं निजी बैंकों, एटीएम, ज्वेलर्स दुकानों तथा अन्य वित्तीय संस्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों और ज्वेलर्स संचालकों को हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे हमेशा सक्रिय रखने, पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित सुरक्षा गार्ड तैनात करने तथा प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा रजिस्टर में दर्ज टिप्पणियों का पालन सुनिश्चित करने और बैंक परिसरों के बाहर भी प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया।

पुलिस टीम ने बैंक एवं प्रतिष्ठानों के आसपास अनावश्यक रूप से घूम रहे संदिग्ध व्यक्तियों से सघन पूछताछ की तथा उन्हें सत्यापन के बाद ही जाने दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 अथवा संबंधित थाना-चौकी को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

इसके अलावा सभी वित्तीय संस्थानों में आपातकालीन अलार्म सिस्टम स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए, जिससे संस्थानों के बंद होने के बाद किसी भी अनधिकृत प्रवेश की जानकारी तत्काल मिल सके और संभावित आपराधिक घटनाओं को रोका जा सके।

डीआईजी एवं एसएसपी ने पुलिस पेट्रोलिंग टीमों को भी बैंक, एटीएम एवं ज्वेलर्स प्रतिष्ठानों के आसपास नियमित और प्रभावी गश्त करने, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

सरगुजा पुलिस का यह विशेष अभियान जिले में वित्तीय संस्थानों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधियों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी का संदेश देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Admin
Author
Admin

Related News