The Activist TV Power of The People

बैंकों में पहुंची पुलिस की साइबर जागरूकता टीम, 500 नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए तरीके

पुलिस का संदेश— “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। आपकी जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।”

By Admin · 27 Aug 2026 · 72 views
बैंकों में पहुंची पुलिस की साइबर जागरूकता टीम, 500 नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए तरीके

अंबिकापुर, 27 अगस्त 2026। बढ़ते साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के मामलों के बीच सरगुजा पुलिस द्वारा नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के लिए ‘साइबर जागृति अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के दूसरे सप्ताह के तहत जिले के विभिन्न बैंकों, वित्तीय संस्थानों एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट के संस्थानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें करीब 500 नागरिकों ने सहभागिता की।

डीआईजी/एसएसपी सरगुजा श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं साइबर सेल के नोडल अधिकारी श्री रितेश चौधरी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान पुलिस टीम ने बैंक अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ आम नागरिकों एवं ग्रामीणों को साइबर अपराधों के नए-नए तरीकों से अवगत कराया।

कार्यक्रम स्टेट बैंक ऑफ इंडिया कलेक्ट्रेट ब्रांच, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया लुण्ड्रा ब्रांच, ग्रामीण बैंक बतौली, ग्रामीण बैंक रोपाखार, आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित केरजू, सेंट्रल बैंक गुदरी चौक सहित विभिन्न चार्टर्ड अकाउंटेंट संस्थानों में आयोजित किए गए।

OTP से लेकर डिजिटल अरेस्ट तक, हर फ्रॉड से किया सावधान

जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस टीम ने OTP, UPI एवं QR Code फ्रॉड, फर्जी लिंक, APK फाइल, फर्जी कस्टमर केयर नंबर, सोशल मीडिया फ्रॉड, फर्जी प्रोफाइल, अनजान वीडियो कॉल, सेक्सटॉर्शन और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

नागरिकों को समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, PIN, CVV, पासवर्ड अथवा बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान APK फाइल डाउनलोड करने से बचें। किसी के कहने पर QR Code स्कैन करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। सोशल मीडिया पर निजी फोटो, वीडियो और व्यक्तिगत जानकारी साझा करते समय भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई।

ठगी होते ही 1930 पर करें कॉल

पुलिस ने नागरिकों को साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने की सलाह दी। बताया गया कि ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तत्काल संपर्क करें अथवा cybercrime.gov.in के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत मिलने से ठगी गई रकम को रोकने की संभावना बढ़ जाती है।

जागरूकता की एक Selfie’ ने भी खींचा ध्यान

अभियान के तहत ‘जागरूकता की एक Selfie’ पहल भी आयोजित की गई। नागरिकों को जागरूकता QR Code की जानकारी देकर साइबर सुरक्षा अभियान से जुड़ने और इसके संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने QR Code के साथ Selfie लेकर साइबर सुरक्षा के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी लुण्ड्रा निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, थाना प्रभारी कमलेश्वरपुर निरीक्षक मनोज प्रजापति, उप निरीक्षक सत्येंद्र सिंह एवं अभय तिवारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक देव सिंह, डिगेश्वर वर्मा एवं शिवकुमार ध्रुव, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, महिला प्रधान आरक्षक मेविस ज्योत्स्ना, प्रधान आरक्षक दुधेश्वर सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

चार्टर्ड अकाउंटेंट विजय जायसवाल, संतोष सिंह एवं नीरज अग्रवाल के संस्थानों समेत विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में लगभग 500 नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान लोगों ने स्वयं जागरूक रहने और अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

पुलिस का संदेश— “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। आपकी जागरूकता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।”

Admin
Author
Admin

Related News