फर्जी ACB अधिकारी बनकर आबकारी अधिकारी से मांगी शराब और नकदी, पुलिस ने 3 आरोपियों को दबोचा
अंबिकापुर | खुद को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का अधिकारी बताकर जिला आबकारी अधिकारी से 6 बोतल शराब और नकद राशि मांगने वाले तीन आरोपियों को गांधीनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने निरीक्षण पर आने वाले अधिकारियों के नाम पर शराब और पैसे की मांग कर ठगी की कोशिश की थी, लेकिन आबकारी अधिकारी की सतर्कता से उनका षड्यंत्र नाकाम हो गया।
पुलिस के अनुसार, जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मीकांत गायकवाड़ ने 27 जुलाई को थाना गांधीनगर में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल कर खुद को ACB अधिकारी बताया गया और कहा गया कि बाहर से अधिकारी निरीक्षण के लिए आ रहे हैं। उनके लिए रेस्ट हाउस में व्यवस्था करनी है, इसलिए तत्काल 6 बोतल शराब और नकद राशि उपलब्ध कराई जाए।
बातचीत संदिग्ध लगने पर आबकारी अधिकारी ने न तो शराब दी और न ही पैसे, बल्कि तुरंत पुलिस को सूचना दे दी।
तकनीकी जांच से तीनों आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए गांधीनगर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर सौरभ प्रजापति (24) को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों राजेशपुरी गोस्वामी (43) और रंजीत गुप्ता (40) के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाने की बात स्वीकार कर ली।
आरोपियों ने बताया कि वे शराब दुकान पहुंचे थे और बिना पैसे शराब लेने की योजना बनाई। इसी दौरान सौरभ ने खुद को ACB अधिकारी बताकर आबकारी अधिकारी को फोन किया और धौंस देकर शराब व नकदी मांगने की कोशिश की।
साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले में आगे की विवेचना शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में एएसआई अभिषेक दुबे तथा पुलिस टीम ने की।


