अंबिकापुर। महामाया की पावन नगरी अंबिकापुर में 23 अगस्त को होटल सिटी इन में ‘सावन सुंदरी’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 300 से अधिक दर्शकों और प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में सावन सुंदरी मिस एवं मिसेज अंबिकापुर, सावन सुंदरी मिस एवं मिसेज छत्तीसगढ़ सहित गोल्ड एवं डायमंड कैटेगरी में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। अंबिकापुर कैटेगरी में शालू एवं पूजा विश्वकर्मा, जबकि छत्तीसगढ़ कैटेगरी में राजिम साहू एवं रश्मि अंसारी विजेता रहीं। वहीं गोल्ड एवं डायमंड कैटेगरी में राखी गोस्वामी एवं अनुष्का रुबेन ने विजेता का खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी राकेश अग्रवाल एवं श्रीमती शशि अग्रवाल तथा कॉस्बोस के फाउंडर डॉ. शांतनु सोनी एवं डॉ. शिवानी सोनी उपस्थित रहे। निर्णायक मंडल में मिसेज इंडिया इंटरनेशनल क्षमा बंजारे एवं मिसेज छत्तीसगढ़ गायत्री मानिकपुरी ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन एंकर जिया विश्वकर्मा ने प्रभावी अंदाज में किया। कार्यक्रम की आयोजक एवं सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन देवांगन, यू शाइन मेकअप स्टूडियो की संचालिका श्रीमती नीतू सोनी तथा मिसेज इंडिया इंटरनेशनल अर्पित सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच मिलता है।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम नारी शक्ति, आत्मसम्मान और आत्मविश्वास को बढ़ावा देने के साथ महिलाओं की छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का कार्य करते हैं। भविष्य में भी इसी तरह के अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रतिभागियों और विजेताओं को बेहतर अवसर मिलें तथा उनका भविष्य और अधिक उज्ज्वल हो सके।
कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर प्रतिभागियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।



