वायरल बनाम विश्वसनीय: आज भी अख़बार क्यों ज़रूरी है, डिजिटल की रफ्तार में कहीं खो न जाए स्याही की सच्चाई…!
आदित्य कुमार
अम्बिकापुर – प्रिंट मीडिया की कलम बनाम डिजिटल स्क्रीन डिजिटल दौर में भी अख़बार की स्याही क्यों ज़रूरी है? आज का समय मोबाइल स्क्रीन के उजाले में डूबा हुआ है। हर हाथ में स्मार्टफोन है और हर आवाज़ के साथ यह दावा भी “अब डिजिटल का ज़माना है।” लेकिन इस शोर के बीच एक सवाल अनसुना रह जाता है क्या डिजिटल की तेज़ रफ्तार में पत्रकारिता की गहराई सुरक्षित है? प्रिंट मीडिया सिर्फ़ खबर नहीं देता, वह समझ देता है। अख़बार का एक-एक पन्ना मेहनत, शोध और ज़मीनी सच्चाई का परिणाम होता है। जब पाठक अख़बार के पन्ने पलटता है, तो वह शब्दों के पीछे छिपी गंभीरता, संदर्भ और जिम्मेदारी को महसूस करता है। यह अनुभव मोबाइल स्क्रीन के ब्लिंक करते नोटिफिकेशन नहीं दे सकते। आज सोशल मीडिया ने हर व्यक्ति को “तुरंत रिपोर्टर” बना दिया है। एक तस्वीर, एक लाइन और वायरल होने की होड़ लेकिन क्या यही पत्रकारिता है? प्रिंट मीडिया में खबर लिखना सिर्फ़ सूचना देना नहीं, बल्कि पूरी कहानी, उसका सामाजिक असर और सच्चाई सामने लाना होता है। यहां “स्वाइप” नहीं, सत्य की खोज होती है।
पर्यावरण का तर्क भी अक्सर अधूरा पेश किया जाता है। कागज बचाने की बात तो होती है, लेकिन यह नहीं बताया जाता कि हर लाइक, हर शेयर और हर वीडियो देखने के पीछे विशाल डिजिटल सर्वर ऊर्जा खपत करते हैं। सवाल यह नहीं कि कागज बेहतर है या डिजिटल सवाल यह है कि जिम्मेदार माध्यम कौन-सा है।
यह सच है कि डिजिटल मीडिया ने सूचनाओं को तेज़ और सुलभ बनाया है, लेकिन तेज़ी ही सब कुछ नहीं होती। अख़बार आज भी वह दस्तावेज़ है, जो इतिहास के पन्नों में दर्ज रहता है। वायरल खबरें कल भूल जाती हैं, लेकिन प्रिंट में छपी सच्ची रिपोर्ट समय की गवाही बनती है। प्रिंट मीडिया की कलम आज भी वही कहती है खबर सनसनी नहीं, सच्चाई होनी चाहिए। डिजिटल और प्रिंट एक-दूसरे के विरोधी नहीं, लेकिन जब बात भरोसे, गहराई और इतिहास की हो तो अख़बार की स्याही आज भी सबसे मजबूत आवाज़ है।