राजा पाठक
उदयपुर (सरगुजा)। तहसील अंतर्गत ग्राम झिरमिटी में शासकीय भूमि पर प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर किए जा रहे नए अवैध अतिक्रमण को प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हटा दिया। शासकीय कर्मचारी आवास के समीप चल रहे इस अवैध निर्माण को एसडीएम के निर्देश पर राजस्व अमले ने जेसीबी की मदद से नींव स्तर पर ही ध्वस्त करा दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खसरा नंबर 407/1 की शासकीय भूमि पर बिना किसी वैधानिक अनुमति के निर्माण कार्य किया जा रहा था। रविवार 18 जनवरी 2026 की सुबह तहसीलदार विकास जिंदल के नेतृत्व में राजस्व निरीक्षक विकास सोनपाकर, पटवारी अभय खलखो तथा चौकीदार अमर दास, अजय और बिहारी दास की उपस्थिति में कार्रवाई की गई। निर्माण हटाने के बाद खुदे हुए गड्ढे को भी भर दिया गया, ताकि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण की कोशिश न की जा सके।
मौके पर तहसीलदार विकास जिंदल ने स्पष्ट किया कि शासन की भूमि पर किसी भी प्रकार का नया अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास या किसी भी अन्य योजना के नाम पर शासकीय जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में स्पष्ट संदेश गया है कि शासकीय भूमि की सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।