450 से अधिक लोगों के पहचान पत्रों का सत्यापन, 125 मकानों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच
अंबिकापुर। जिले की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिलेभर में संदिग्ध व्यक्तियों, किरायेदारों एवं मुसाफिरों के सत्यापन के लिए विशेष सघन जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने किराये के मकानों, निचली बस्तियों, कॉलोनियों, होटल-ढाबों, पान ठेलों, गुमटियों, बस-ट्रक ऑपरेटरों तथा अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया। पुलिस ने मौके पर पहचान पत्रों एवं अन्य दस्तावेजों की जांच कर संबंधित व्यक्तियों का भौतिक सत्यापन भी कराया।
जांच के दौरान करीब 125 मकानों एवं व्यावसायिक संस्थानों में रह रहे या कार्यरत 450 से अधिक व्यक्तियों के पहचान पत्रों का सत्यापन किया गया। मकान मालिकों, होटल संचालकों एवं व्यवसायियों को निर्देश दिए गए कि किसी भी किरायेदार या कर्मचारी को रखने से पहले उसकी जानकारी संबंधित थाने में उपलब्ध कराएं तथा मुसाफिरी दर्ज कराना सुनिश्चित करें।
पुलिस ने बस एवं ट्रक संचालकों के यहां कार्यरत चालक, परिचालक, क्लीनर तथा अन्य कर्मचारियों की भी गहन जांच की। साथ ही बाहरी राज्यों से आए लोगों के दस्तावेजों की जांच कर उन्हें आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल ने सभी थाना प्रभारियों को बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन, संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, अवैध रूप से रह रहा व्यक्ति अथवा संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन 9479193599 या डायल 112 पर दें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।