सेवा, समर्पण और संवेदना की मिसाल : सूर्य प्रकाश साहू होंगे सम्मानित
गरीबों की उम्मीद और जरूरतमंदों का सहारा बने सूर्य प्रकाश साहू का होगा ऐतिहासिक मंच से सम्मान…!
अंबिकापुर। सरगुजा जिले की शान, युवाओं के बीच लोकप्रिय और सेवा के लिए समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता सूर्य प्रकाश साहू एवं उनकी संस्था “अनोखी सोच” का चयन प्रतिष्ठित “साउथ एशिया जन सरोकार सम्मान 2026” के लिए किया गया है। यह सम्मान समाज सेवा, मानवता, युवा जागरूकता और जरूरतमंदों की सहायता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को समर्पित है। अंबिकापुर से शुरू हुई “अनोखी सोच” आज सेवा, संवेदना और सामाजिक चेतना की मजबूत पहचान बन चुकी है। संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष सूर्य प्रकाश साहू ने अपने कार्यों से यह साबित किया है कि समाज सेवा केवल विचारों तक सीमित नहीं होती, बल्कि जरूरत के समय लोगों तक पहुंचकर उनकी मदद करना ही सच्ची मानवता है। संस्था द्वारा स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंद मरीजों को एंबुलेंस सुविधा, गरीब एवं असहाय बच्चों की शिक्षा और विवाह जैसी जिम्मेदारियों में लगातार सक्रिय भूमिका निभाई जा रही है। वहीं कोरोना महामारी जैसे कठिन दौर में भी सूर्य प्रकाश साहू एवं उनकी टीम ने राहत सामग्री, भोजन, दवाइयां पहुंचाकर सैकड़ों परिवारों को सहारा दिया।
“अनोखी सोच” की सबसे विशेष पहचान मानवता के सबसे संवेदनशील पहलुओं में उसकी सक्रिय भागीदारी है। संस्था ने आज तक अनेक गरीब, असहाय और बेसहारा परिवारों के परिजनों के अंतिम संस्कार में आर्थिक एवं सामाजिक सहयोग देकर मानव सेवा का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। विपरीत परिस्थितियों में जब कई परिवार स्वयं को अकेला महसूस कर रहे थे, तब संस्था ने परिवार की तरह साथ खड़े होकर समाज में सेवा की नई मिसाल कायम की।
सूर्य प्रकाश साहू का कहना है कि “समाज सेवा केवल जीवित लोगों की मदद तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि अंतिम यात्रा में भी किसी परिवार को अकेला महसूस न होने देना ही सच्ची मानवता है।”
संस्था धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। प्रयागराज महाकुंभ सहित विभिन्न धाम यात्राओं में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं को जोड़कर सामाजिक एकता और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का कार्य भी लगातार किया जा रहा है।
“जन सरोकार” एवं “द एक्टिविस्ट” परिवार द्वारा आयोजित यह भव्य सम्मान समारोह 30 एवं 31 मई 2026 को माता राजमोहनी भवन, अंबिकापुर (छत्तीसगढ़) में आयोजित होगा, जिसमें देश-विदेश से समाजसेवी, पत्रकार, बुद्धिजीवी और विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रहेगी। सूर्य प्रकाश साहू एवं उनकी समर्पित टीम को इस उपलब्धि पर क्षेत्रभर से बधाई और शुभकामनाएं मिल रही हैं।
“अनोखी सोच” आज अंबिकापुर ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र में सेवा, समर्पण और मानवता की जीवंत पहचान बन चुकी है।