डीआईजी एवं एसएसपी के निर्देशन में ईआरयू/ईआरव्ही स्टाफ की अहम बैठक, त्वरित रिस्पांस पर जोर
रिस्पांस टाइम होगा अब और तेज, सरगुजा पुलिस की बड़ी बैठक
आपातकालीन सेवा में अनुशासन सर्वोपरि: साफ गणवेश व नशामुक्त ड्यूटी के निर्देश
आदित्य गुप्ता
अंबिकापुर, सरगुजा। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित आपातकालीन सेवा डॉयल-112 (Next Phase) को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से रक्षित केंद्र अंबिकापुर स्थित सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.), डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुई। बैठक में ईआरयू/ईआरव्ही में तैनात अधिकारी-कर्मचारी एवं वाहन चालकों को कर्तव्यों के सम्यक निर्वहन हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। विशेष रूप से रिस्पांस टाइम में सुधार, इवेंट मिलते ही तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना होने, निर्धारित स्टॉपेज पॉइंट पर सतत उपस्थिति बनाए रखने तथा ड्यूटी के दौरान अनुशासन एवं स्वच्छ गणवेश में रहने पर बल दिया गया।
महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश
डॉयल-112 के नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए कि महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित प्रकरणों में शून्य विलंब के साथ तत्काल रिस्पांस सुनिश्चित किया जाए। गंभीर घटनाओं की सूचना मिलने पर मौके की स्थिति से डीसीसी एवं सी-4 को अवगत कराने तथा स्थानीय थाना प्रभारी को सूचित कर त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के दौरान ड्यूटी के दौरान आने वाली समस्याओं पर भी चर्चा की गई तथा डीसीसी प्रभारी को उनका तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आपातकालीन सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी गई।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में डीसीसी प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश्वरी चौबे, वाहन शाखा प्रभारी सहायक उप निरीक्षक सत्यनारायण यादव, प्रधान आरक्षक संजीव कुमार त्रिपाठी, महिला आरक्षक मनीषा द्विवेदी, आरक्षक अजय कुमार थवाईत, महेंद्र कुमार गोंड, अमन उईके, (GVK) जिला प्रबंधक पुरषोत्तम दास वैष्णव सहित ईआरयू/ईआरव्ही में तैनात अधिकारी-कर्मचारी एवं वाहन चालक उपस्थित रहे।
जनविश्वास मजबूत करने की दिशा में अहम कदम
डॉयल-112 सेवा को और अधिक संवेदनशील, त्वरित एवं जवाबदेह बनाने की यह पहल आम नागरिकों में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को मजबूत करेगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आपातकालीन सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।