देवधर साहू
बालोद। जिला पंचायत बालोद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चन्द्रवंशी ने आज गुरुर विकासखंड के ग्राम पंचायत सोरर में प्रातःकालीन औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों की प्रगति का जायजा लिया गया।
सीईओ ने नवीन स्वीकृत लेकिन अप्रारंभ आवासों को शीघ्र प्रारंभ कराने तथा निर्माणाधीन आवासों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने हितग्राहियों को आवासों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग/सोखता गड्ढा अनिवार्य रूप से बनाने और पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल लगाने हेतु प्रोत्साहित किया।
निरीक्षण के दौरान हितग्राहियों से सीधा संवाद कर आवास निर्माण से जुड़ी समस्याओं को संज्ञान में लिया गया। समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अमले को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सीईओ ने अधिकारियों व कर्मचारियों को यह भी निर्देशित किया कि वे हितग्राहियों की शिकायतों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें और कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें।
इस अवसर पर जिला समन्वयक आवास, सहायक परियोजना अधिकारी मनरेगा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद गुरुर, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, कार्यक्रम अधिकारी (मनरेगा), अनुविभागीय अधिकारी ग्रामीण यांत्रिकी सेवा उपसंभाग गुरुर, उप अभियंता, तकनीकी सहायक (आवास/मनरेगा), आवास नोडल, सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
निरीक्षण से यह संदेश स्पष्ट हुआ कि प्रशासन आवास योजनाओं के समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन के प्रति गंभीर है, ताकि पात्र हितग्राहियों को शीघ्र सुरक्षित और सुविधायुक्त आवास उपलब्ध हो सकें।